Delhi
SAIL कर्मचारियों का बोनस 32 हजार रुपये तय, ट्रेनीज को मिलेंगे 25,600 रुपये

दिल्ली में NJCS की बैठक में बनी सहमति, पिछले साल से अधिक बोनस; सीटू ने समझौता पत्र पर हस्ताक्षर नहीं किए नई दिल्ली।(सत् पथ) सेल (SAIL) के कर्मचारियों के बोनस को लेकर इस बार लंबे विवाद की स्थिति नहीं बनी और दिल्ली में आयोजित NJCS की बैठक में बोनस राशि पर सहमति बन गई। नियमित कर्मचारियों को इस वर्ष 32,000 रुपये बोनस देने पर सहमति बनी है, जबकि ट्रेनीज को 25,600 रुपये का भुगतान किया जाएगा। पिछले वर्ष की तुलना में यह राशि अधिक बताई जा रही है। बोनस निर्धारण को लेकर दिल्ली में सेल प्रबंधन और NJCS के सदस्यों के बीच बैठक हुई। बैठक निर्धारित समय से काफी देर से शुरू हुई, लेकिन शाम लगभग 5:30 बजे तक बोनस राशि पर समझौता हो गया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार समझौता पत्र पर सीटू को छोड़कर अन्य NJCS सदस्यों ने हस्ताक्षर किए। 32 हजार रुपये से अधिक देने पर प्रबंधन ने जताई असमर्थता बैठक के दौरान यूनियन प्रतिनिधियों की ओर से बोनस फॉर्मूले से अधिक राशि देने की मांग रखी गई। प्रबंधन की ओर से शुरुआत में बोनस फॉर्मूले के आधार पर 30,109 रुपये देने का प्रस्ताव रखा गया। इसके बाद राशि को राउंड फिगर करते हुए 31,200 रुपये करने का प्रस्ताव सामने आया। यूनियन प्रतिनिधियों ने इससे अधिक राशि की मांग की। चर्चा के दौरान काफी गहमा-गहमी भी हुई। इसके बाद सेल प्रबंधन की ओर से यह स्पष्ट किया गया कि 32,000 रुपये से अधिक बोनस देना संभव नहीं है। काफी देर तक चली बातचीत के बाद यूनियन प्रतिनिधि 32,000 रुपये की राशि पर सहमत हुए। सीएमडी से चर्चा के बाद सामने आया अंतिम प्रस्ताव बोनस वार्ता के दौरान डायरेक्टर पर्सनल के.के. सिंह कुछ समय के लिए बैठक से बाहर गए। बताया गया कि उन्होंने सेल के सीएमडी से प्रस्ताव को लेकर विचार-विमर्श किया। इसके बाद बैठक में लौटकर उन्होंने NJCS सदस्यों को प्रबंधन की अंतिम स्थिति से अवगत कराया। प्रबंधन की ओर से ट्रेनीज के लिए बैठक की शुरुआत में 24,960 रुपये बोनस का प्रस्ताव रखा गया था। अंतिम सहमति के बाद ट्रेनीज के लिए 25,600 रुपये की राशि तय हुई। सभी प्रमुख NJCS यूनियनों की रही मौजूदगी बैठक में सेल प्रबंधन की ओर से डायरेक्टर पर्सनल के.के. सिंह, डायरेक्टर कॉमर्शियल टी.एन. नटराजन, मुख्य महाप्रबंधक HR संजीव कुमार गुप्ता, मुख्य महाप्रबंधक F&A पवन कुमार अग्रवाल, जीएम मलय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। NJCS की ओर से INTUC के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जी. संजीवा रेड्डी, बोकारो से बी.एन. चौबे, BMS से श्रीनिवास राव और रंजय कुमार, CITU की ओर से दुर्गापुर स्टील प्लांट से ललित मोहन मिश्र तथा भिलाई स्टील प्लांट से डीवीएस रेड्डी, HMS से संजय वढावकर और बोकारो से राजेंद्र सिंह, AITUC से विद्यासागर गिरी तथा बोकारो स्टील प्लांट से रामाश्रय प्रसाद उपस्थित रहे। कर्मचारियों में बोनस को लेकर राहत बोनस राशि पर सहमति बनने के बाद सेल के नियमित कर्मचारियों और ट्रेनीज को भुगतान का रास्ता साफ हो गया है। इस बार वार्ता में किसी बड़े विवाद या आंदोलन की स्थिति नहीं बनी और प्रबंधन तथा NJCS प्रतिनिधियों के बीच बातचीत के माध्यम से राशि तय कर ली गई।
Related
- भारत-रूस नौसैनिक सहयोग को मिलेगी नई मजबूती, इंद्र-2026 अभ्यास के लिए व्लादिवोस्तोक
- प्रधानमंत्री मोदी ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण को किया नमन, सुशासन और सामाजिक न्याय के आदर्शों को किया याद
- सुपरकंप्यूटिंग से बदलेगी भारत की रफ्तार, एआई और रिसर्च को मिलेगी नई उड़ान
- उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन 27 सितंबर को केरल के एक दिवसीय दौरे पर