Skip to content
Bhilai 24°
Sign inSubscribe|हिंENSwitch language

Bhilai-Durg

भारतीय इस्पात मजदूर महासंघ की बैठक में 82 बिंदुओं पर मंथन

By SAT PATH · September 9, 2026 at 01:35 PM
भारतीय इस्पात मजदूर महासंघ की बैठक में 82 बिंदुओं पर मंथन

बोनस, वेज रिवीजन, एरियर और श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा

बोकारो (सत् पथ) भारतीय इस्पात मजदूर महासंघ की 82वीं कार्य समिति की दो दिवसीय बैठक 5 एवं 6 सितंबर को बोकारो में आयोजित की गई। बैठक में देश के विभिन्न इस्पात उद्योगों एवं खदान क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया और श्रमिक हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।

बैठक में कुल 20 एजेंडा बिंदुओं पर चर्चा की गई। इनमें श्रमिक हित, वेतन संरचना, बोनस, वेज रिवीजन, एरियर, कार्यस्थल सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा तथा चिकित्सा सुविधाओं से संबंधित विषय प्रमुख रूप से शामिल रहे।

बैठक में बोकारो, भिलाई, बनपुर, दुर्गापुर, राउरकेला, एनएमडीसी नगरनार, दिल्ली, राजहरा, किरिबुरू, मेघाहातुबुरू, गुआ, चिड़िया, टांसा, बोलानी, कुद्रेमुख और सेलम सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

बैठक में इस्पात उद्योग प्रभारी एम. जगदीश्वर राव, सह प्रभारी हिमांशु शेखर बाल सहित महासंघ के पदाधिकारी एवं अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। महासंघ के पदाधिकारियों ने श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर ठोस रणनीति बनाने पर जोर दिया।

बैठक में आगामी वेज रिवीजन, बोनस, 39 माह के एरियर तथा 58 माह के पेंशन एरियर जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा की गई और आगे की दिशा तय की गई। महासंघ ने मजदूरों के अधिकारों की रक्षा तथा उनके हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

बैठक की अध्यक्षता महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष अमर जायसवाल ने की, जबकि संचालन महासंघ के महामंत्री रंजय कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि श्रमिक हितों की रक्षा के लिए प्रबंधन एवं सरकार के साथ प्रभावी संवाद और संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में महासंघ के राष्ट्रीय पदाधिकारियों एवं स्थानीय कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही |

Related