Skip to content
Bhilai 24°
Sign inSubscribe|

Bhilai-Durg

पृथ्वी प्रणाली विज्ञान और जनसेवा के 20 वर्ष पूरे, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय ने शुरू की राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज़

By Vibha Singh · September 1, 2026 at 09:53 PM
पृथ्वी प्रणाली विज्ञान और जनसेवा के 20 वर्ष पूरे, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय ने शुरू की राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज़

नई दिल्ली(सत् पथ) वैज्ञानिक उत्कृष्टता, नवाचार और राष्ट्र सेवा के दो दशक पूरे होने के अवसर पर पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय (एमओईएस) ने MyGov के सहयोग से “एमओईएस फाउंडेशन डे क्विज़: एडवांसिंग अर्थ साइंसेज, एम्पावरिंग द नेशन” नामक राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज़ शुरू की है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से नागरिक मौसम, जलवायु, महासागर, ध्रुवीय अनुसंधान, भूकंप विज्ञान और गहरे समुद्र की खोज से संबंधित अपने ज्ञान को परख सकेंगे।

पृथ्वी प्रणाली विज्ञान के क्षेत्र में भारत की प्रमुख उपलब्धियों से नागरिकों को परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित यह क्विज़ मंत्रालय की 20वीं वर्षगांठ के अवसर पर शुरू की गई है। यह पहल विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय विजन के अनुरूप वैज्ञानिक जागरूकता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने का प्रयास है।

100 प्रश्न, केवल 5 मिनट का समय

क्विज़ में प्रतिभागियों को 100 बहुविकल्पीय प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। इसके लिए केवल 300 सेकंड अर्थात 5 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। प्रतियोगिता में प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक बार हिस्सा ले सकेगा और यह सुविधा पंजीकृत मोबाइल नंबर या ईमेल आईडी के माध्यम से उपलब्ध होगी।

प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों को MyGov पोर्टल पर लॉगिन करना होगा, जहां आवश्यक प्रमाणीकरण के बाद क्विज़ में प्रवेश किया जा सकेगा।

शीर्ष विजेताओं को मिलेंगे 10-10 हजार रुपये

मंत्रालय ने प्रतियोगिता के शीर्ष तीन विजेताओं के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार की घोषणा की है। निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी प्रश्नों का सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों में से तीन विजेताओं का चयन यादृच्छिक प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। प्रत्येक विजेता को 10,000 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

इसके अलावा क्विज़ को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को तत्काल डाउनलोड किया जा सकने वाला डिजिटल भागीदारी प्रमाण-पत्र भी मिलेगा।

सभी भारतीय नागरिकों के लिए खुली प्रतियोगिता

यह राष्ट्रीय क्विज़ भारत के सभी नागरिकों के लिए खुली है। हालांकि, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय और MyGov के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष कर्मचारियों तथा उनके निकटतम परिवार के सदस्य इसमें भाग लेने के पात्र नहीं होंगे।

विजेताओं का चयन उच्चतम अंक प्राप्त करने वाली पात्र प्रविष्टियों में से एक पारदर्शी और स्वचालित सिस्टम-जनित यादृच्छिक प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। मंत्रालय ने प्रतिभागियों से अपने MyGov प्रोफाइल को अद्यतन रखने की अपील की है, क्योंकि पुरस्कार वितरण से पहले पहचान का सत्यापन किया जाएगा।

यह पहल पृथ्वी विज्ञान के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों को आम नागरिकों तक पहुंचाने के साथ-साथ मौसम, महासागर और पर्यावरण से जुड़े वैज्ञानिक विषयों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Related